डेराबस्सी, 29 अक्टूबर। पंडवाला रोड, मुबारिकपुर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में भगवान के स्वरूपों और चांदी के धार्मिक सामान की चोरी के मामले में श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। 24 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद BJP नेता गुरदर्शन सिंह सैनी, संजीव खन्ना और बन्नी संधू तथा कांग्रेस नेता उदयवीर सिंह ढिल्लों ने संयुक्त रूप से थाने का घेराव किया। नेताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की।
मंदिर के अनुसार, चोरी हुए सामान में भगवान कृष्ण गोपाल के दो चांदी के मुकुट, चांदी की दो गायों की मूर्तियां, गोपाल जी के दो स्वरूप, चांदी की बांसुरी, दो चांदी के गिलास, चांदी का आरती दीपक, पूजा के चांदी के बर्तन और चांदी की थाली शामिल हैं। इसके अलावा मंदिर की दो घंटियां, दानपात्र, तांबे का कलश, पीतल के गिलास, भगवान गणेश, कुबेर और गरुड़ की पीतल की मूर्तियां, पीतल का राम दरबार और भगवान गणेश की चांदी की मूर्ति भी चोरी हुई है।
मंदिर के पुजारी बलराम शर्मा के अनुसार, सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य द्वार खुला मिला और सामान बिखरा हुआ था। CCTV फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रवेश करते दिखाई दिए हैं। मंदिर के मुख्य प्रबंधक केवल गर्ग ने कहा कि एक महीने में मंदिर में दूसरी बार चोरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निर्धारित समय में भगवान के स्वरूप बरामद नहीं कर पाई। केवल गर्ग ने स्वरूप बरामद होने तक भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही।
आरोपी की पहचान के लिए पुलिस की अपील
डीएसपी डेराबस्सी वरिंदर सिंह खोसा ने मंदिर चोरी मामले में आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए आम लोगों से उसकी पहचान करने और जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।
आरोपी के संबंध में जानकारी देने के लिए संपर्क करें:
- वरिंदर सिंह खोसा, DSP डेराबस्सी: 7837225700
- बलविंदर सिंह, इंस्पेक्टर एवं SHO डेराबस्सी: 7710111958
पुलिस ने अपील की है कि तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति को पहचानने वाला कोई भी व्यक्ति ऊपर दिए गए नंबरों पर संपर्क कर जानकारी साझा करे।
