: कोरोना से दो की मौत,सीए -डॉक्टर्स समेत 135 नए पॉजिटिव केस
सतना से महेंद्र गौतम ब्यूरो चीफ
सतना । कोरोना वायरस के तीखे तेवरों से दहल रहे सतना में संक्रमण के विस्तार और उससे हो रही मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। वैक्सीनेशन और टेस्टिंग की बढ़ती रफ्तार के बीच एक हजार से भी अधिक पॉजिटिव केसों का आंकड़ा महज 10 दिनों में पार कर गए सतना में रविवार को भी दो कोरोना संक्रमितों की जान गई जबकि दो डॉक्टर्स समेत 135 नए पॉजिटिव केस सामने आये।
हासिल जानकारी के अनुसार शनिवार को कोरोना से हुई 8 मौतों के बाद रविवार को भी सतना के दो कोरोना संक्रमितों की जान चली गई। चित्रकूट नगर पंचायत क्षेत्र के कटरा गूदर में रहने वाली एक महिला ने कोरोना से लड़ाई लड़ते हुए दम तोड़ दिया है। महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद वह अपने घर पर ही आइसोलेट थी। रविवार की सुबह उसकी मौत हो जाने की खबर मिलने पर नगर पंचायत कर्मियों ने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उसका अंतिम संस्कार कराया। इधर जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती रहे हरदुआ निवासी पटेल परिवार के एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसे दो दिन पहले देवराजनगर से सतना जिला अस्पताल शिफ्ट किया गया था। खबर यह भी है कि अमरपाटन के रहने वाले एक शख्स की मेडिकल कालेज रीवा में भी मौत हुई है। वह पिछले कुछ समय से सीधी में रह रहा था। इन मौतों के साथ कोरोना से मृत लोगों की संख्या बढ़ कर 127 हो गई है।
आरटीपीसीआर के 41 केसो में अकेले 21 सतना शहर के
रविवार को आई आरटीपीसीआर की रिपोर्ट में मिले 41 में से अकेले 21 केस सतना शहर के राजेंद्र नगर ,उतैली,प्रेमनगर,भरहुतनगर,मुख्त्यारगंज,बम्हनगवां ,नजीराबाद ,भैंसा खाना,सिंधी कैम्प,पतेरी,सिविल लाइन,कृष्ण नगर,धवारी,कामता टोला,प्रेम नगर और लालता चौक क्षेत्र के हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में हुई रैपिड टेस्टिंग में भी 43 नए संक्रमित मिले हैं। रविवार होने के कारण बिरला अस्पताल में टेस्टिंग बंद रही अन्यथा ये आंकड़ा और भी बढ़ सकता था। शहर के एक नामी मेडिसिन स्पेशलिस्ट के घर पर नगर निगम ने पोस्टर चस्पा किया है तो शिक्षा विभाग के बम्हनगवां निवासी अधिकारी के घर पर भी वायरस ने दस्तक दे दी है। वायरोलॉजी लैब से आई रिपोर्ट के अनुसार शहर के कामता टोला निवासी एक नामी चार्टर्ड एकाउंटेंट संक्रमित पाए गए हैं। कृष्णनगर में सुखेजा परिवार और प्रेम नगर में टंडन फैमिली को वायरस ने संक्रमित किया है तो डालीबाबा पंजाबी कालोनी में रहने वाले सोनी परिवार का युवक भी इसका शिकार बना है।
फिर भी नहीं मान रहे लोग ,शहर की सड़कों पर कर रहे हैं तफरीह
कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन का असर सतना शहर पर कहर बरपा रहा है। पिछली लहर के मुकाबले इस बार ज्यादा घातक बन कर लौटा वायरस सतना शहर के हर गली – मोहल्ले में घुस चुका है। रोजाना बड़ी तादाद में नए पॉजिटिव केस मिल रहे हैं लेकिन जिन क्षेत्रों में भी संक्रमित मिल रहे हैं वहां भी लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद तफरीह का शौक नहीं छूट रहा जबकि मौजूदा हालात में ये शौक भी भारी पड़ रहा है। दिन भर सड़कों पर वाहनों की आवजाही तो चलती ही रहती है माहौल देखने – नजारा देखने वाले लोगों की भी चहल कदमी चलती ही रहती है। हालांकि पुलिस निगरानी के लिए मौजूद रहती है और हर कोई अकारण नहीं घूम रहा होता है लेकिन बड़ी बात यह भी है कि लोगों को रोका टोका सिर्फ तब ही जाता है जब या तो कोई अधिकारी भ्रमण पर हो या फिर मीडिया कैमरे आसपास नजर आ जाएं।
रामपुर और देवराजनगर के डॉक्टर्स संक्रमित
कोरोना महामारी के दौरान लोगों का इलाज करने के लिए तैनात स्वास्थ्य अमला भी वायरस की मार से बच नहीं पा रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के संक्रमित होने की आती रही ख़बरों के बीच अब रामपुर स्वास्थ्य केंद्र के एक चिकित्सक तथा देवराजनगर के डॉक्टर भी संक्रमण का शिकार बन गए हैं।रामपुर के डॉक्टर आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में संक्रमित निकले हैं जबकि देवराजनगर के डॉक्टर के संक्रमण की पुष्टि रैपिड टेस्टिंग में हुई है।
रामनगर भी पीछे नहीं

पिछले कई दिनों से रामनगर क्षेत्र में भी संक्रमण की रफ्तार काफी तेज देखी गई है। रामनगर क्षेत्र में रोजाना नए केस बड़ी संख्या में मिल रहे हैं। रविवार को भी यहां 21 केस मिले हैं। मैहर में 2 ,कोठी में 4 ,अमरपाटन में 11 ,नागौद में 4 ,मझगवां में 2 ,उचेहरा में 3 ,और रामपुर में डॉक्टर के अलावा 4 केस रैपिड टेस्टिंग में मिले हैं।
चुपचाप कराई थी जांच फिर भी चस्पा हुआ पोस्टर
गौरतलब है कि तमाम लोग खुद का संक्रमण छिपाने के लिए निजी तौर पर नर्सिंग होम्स और लैब में जांच करा कर निकल जाते थे। उनके नाम स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के पास तक नहीं पहुँचते थे जिसका फायदा उठा कर तमाम संक्रमित लोग भी स्प्रेडर बन कर घूमते रहते थे। लेकिन अब ऐसे लोगों की चोरी पकड़ने का रास्ता निकाल लिया गया है। प्रशासन के दखल के बाद अब निजी नर्सिंग होम्स और लैब से भी जांच का ब्योरा लिया जाने लगा है। उनके लिए विवरण देना अनिवार्य कर दिया गया है। इस बदलाव का नतीजा ये हुआ कि जिन लोगों ने शनिवार को निजी नर्सिंग होम में चुपचाप जांच करा ली रविवार की सुबह नगर निगम की टीम उनके घरों के बाहर पोस्टर चस्पा कर आई। इनमे शहर के कई नामी लोग भी शामिल हैं।
कलेक्टर ने रिजर्व कराये दो और वार्ड
कोरोना संक्रमण के दौरान लोगों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत कलेक्टर अजय कटेसरिया का रविवार का दिन शुरू भी जिला अस्पताल से ही हुआ। वे लगातार दूसरे दिन भी पूरे समय जिला अस्पताल में रहे और खुद व्यवस्थाओं की जानकारी लेते रहे। कलेक्टर ने जिला अस्पताल के दो वार्ड और कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व कराये हैं। वार्ड नंबर दो के मरीजों को आई वार्ड में शिफ्ट कराया गया है तो टीबी वार्ड को भी कोविद केयर के लिए आरक्षित कर लिया गया है। गौरतलब है कि कलेक्टर ने शहर के निजी अस्पतालों में भी स्वयं जा कर बेड रिजर्व कराये हैं।