रायरंगपुर: मयूरभंज जिले के रायरंगपुर उपखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बादामपहाड़ थाना क्षेत्र के चुआपाणी पंचायत अंतर्गत छणुआ गांव के बड़ा साही में हुआ।
मृतका की पहचान हेमलता महांत (45) के रूप में हुई है, जबकि उनके पति वीरभद्र महांत (52) गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सोमवार रात दोनों खाना खाने के बाद अपने घर में सो गए थे। रातभर हुई लगातार बारिश के कारण देर रात करीब 3 बजे पड़ोसी के घर की सीमेंट की दीवार अचानक ढह गई और वीरभद्र के घर की दीवार पर जा गिरी। इस दौरान सो रहे पति-पत्नी मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया और बादामपहाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
वहां डॉक्टरों ने हेमलता महांत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल वीरभद्र महांत को बेहतर इलाज के लिए रायरंगपुर उपखंड अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना को लेकर बादामपहाड़ थाने में केस नंबर 17/26 के तहत अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।