गैस सिलेंडर, पंखे, इन्वर्टर, बैटरी व 7,200 रुपये नकद बरामद
गोण्डा।। जनपद के थाना नवाबगंज पुलिस ने 18 अक्टूबर को दुल्लापुर क्रासिंग के पास चेकिंग के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से विद्यालयों से चोरी किया गया एक गैस सिलेंडर, दो सीलिंग फैन, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, चोरी का सामान बेचकर मिले 7,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्तों ने कम्पोजिट विद्यालय छोटका बन्धवा रमराईपुर, तुरकौली और चकशिवरहा में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरी के कुछ सामान को कबाड़ियों के हाथ बेचने की बात भी बताई। इन घटनाओं के संबंध में थाना नवाबगंज और थाना वजीरगंज में मुकदमे दर्ज हैं।
