बस्ती : जनपद के बनकटी ब्लॉक के गुलौरा ग्राम पंचायत में एक प्रधान प्रत्याशी को वोटर लिस्ट बनाने वाले जिम्मेदारों ने मृत घोषित कर दिया जबकि प्रधान प्रत्याशी महिला पुराने वोटर लिस्ट में जीवित है और उसने 17 अप्रैल को अपने ग्राम सभा से प्रधान पद के लिए नामांकन भी दाखिल किया है। लेकिन जैसे ही दूसरे दिन नई वोटर लिस्ट जारी हुई तो प्रधान पद की प्रत्याशी कैलाशी का नाम विलोपन सूची में शामिल हुआ मिला। अब कैलाशी अपने आपको जीवित करने के लिए तीन दिन से जिले के आलाधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगा रही है। कैलाशी ने बताया की उनकी बात कोई सुनने को तैयार नहीं है वहीं कैलाशी के प्रस्तावक ने बताया की हम एसडीएम, व जिलाधिकारी बस्ती से मिलकर अपनी सारी समस्याओं से अवगत कराया लेकिन अभी तक आलाधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गयी। बीएलओ की मनमानी व विभागीय अधिकारियों की गलती की वजह से आज हम खुद को जीवित घोषित करने के लिए तीन दिन से आलाधिकारियों का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन हमारी बात नही सुनी जा रही है।
विकास श्रीवास्तव
