ऑपरेशन में आरोपी के पैर में लगी गोली, तमंचा और बाइक बरामद।
रिपोर्टर
इंडियन टीवी से ब्यूरो चीफ मयंक यादव की रिपोर्ट
जनपद बिजनौर के
थाना मंडावली क्षेत्र में करीब दो माह पूर्व एक छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी को मंडावली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस ऑपरेशन को “ऑपरेशन लंगड़ा” नाम दिया, जिसमें मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और मौके से एक तमंचा व मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम विजयपुर निवासी ई-रिक्शा चालक अरुण कुमार ने भागूवाला से नजीबाबाद कोचिंग जा रही छात्रा को रास्ते में राहतपुर की ओर जंगल की तरफ ले जाकर आम के बाग में दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। उस वक्त आरोपी ने छात्रा से रिक्शा की बैटरी बदलने का बहाना किया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जबकि छात्रा के शोर मचाने पर राहगीर मौके पर पहुंचे और छात्रा को बदहवास हालत में पाया।
सूचना मिलते ही थाना मंडावली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी राम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार समेत कई राज्यों में लगातार दबिश दी।
लगभग दो माह की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात मंडावली पुलिस को सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबलगढ़ क्षेत्र में मंडय्यों नहर वाले रास्ते पर घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर पहले सीएचसी समीपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और बाइक भी बरामद की है। मंडावली पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।