स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से चोरी, कोतवाली पुलिस ने किया पर्दाफाश
सहारनपुर । थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अनाज गोदाम में हुई बड़ी चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए एक वांछित शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त मुसर्रफ पुत्र नजीर निवासी नूरबस्ती, बडी मस्जिद के पास, को खुमरान पुल से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया कीमती सामान, जिसमें एसी का आउटडोर यूनिट, पाइप के टुकड़े और एल्यूमिनियम स्क्रैप बरामद किया गया।
घटना 18/19 जुलाई की रात की है जब दो अज्ञात चोरों ने बेहट अड्डा स्थित ICCC स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अनाज गोदाम में सेंध लगाई थी और 2 UPS, 10 बैटरी, सर्वर से जुड़े उपकरण और A.C. यूनिट समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर मु.अ.सं.-132/2025 धारा 305 (A)/331 (2)/324 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम तथा प्रभारी निरीक्षक सुनील नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। पकड़े गए अभियुक्त मुसर्रफ के खिलाफ पूर्व में भी NDPS और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर नगर निगम के कैमरों की मशीनें रखने वाले कमरे में सेंध लगाई थी और माल आपस में बांट लिया था।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उ.नि. राजकुमार गौतम,है.का. तरुण शर्मा और का अभिषेक कुमार शामिल रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़