नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, ब्लैक स्पॉट पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज 24 जुलाई को समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा टीम के साथ जिले के विभिन्न दुर्घटना प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षात्मक साइनबोर्ड, रम्बर स्ट्रिप तथा स्पीड ब्रेकर यथाशीघ्र लगाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि वे सड़क दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस रिस्पॉन्स टाइम की निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही iRAD पोर्टल पर प्रत्येक दुर्घटना की समयबद्ध प्रविष्टि करने को भी कहा गया।
पुलिस विभाग को नियमित रूप से ब्रेथ एनलाइजर के माध्यम से जांच अभियान चलाकर ड्रंक एंड ड्राइव जैसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही बरही क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासनिक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को स्कूली बच्चों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने हेतु विद्यालयों में नियमित रूप से असेम्बली के माध्यम से सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने के लिए कहा गया।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। आमजनों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए समयबद्ध एवं ठोस कदम उठाए जाने आवश्यक हैं।
इस बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी वैद्यनाथ कामती, राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित थे।