नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
छड़वा डैम जल्द बनेगा पर्यटन स्थल, विधायक प्रदीप प्रसाद के प्रयास रंग लाए
हजारीबाग: कटकमसांडी प्रखंड स्थित छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक प्रदीप प्रसाद के विधानसभा में उठाए गए सवाल के बाद जिला प्रशासन ने इस क्षेत्र का निरीक्षण किया। इससे उत्साहित कटकमसांडी के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मिलकर उनका आभार व्यक्त किया।
प्रदीप प्रसाद ने चुनाव के दौरान छड़वा डैम को विकसित करने का वादा किया था। उन्होंने विधानसभा में इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और परिसर में स्थित माँ काली मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की थी।
अब यह परियोजना जल्द ही हकीकत में बदलने वाली है। इसके तहत छड़वा डैम परिसर में पार्किंग, बोटिंग, साइकिल ट्रैक, प्रकाश व्यवस्था, पार्क और एक बहुउद्देशीय भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता से किया गया वादा जरूर पूरा होगा। उन्होंने कहा कि छड़वा डैम के विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और हजारीबाग के लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह पहल हजारीबाग की पहचान को और मजबूत करेगी।
प्रसाद ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने विधानसभा में हजारीबाग झील के नवनिर्माण का मुद्दा भी उठाया है। इसके अलावा, सदर प्रखंड के सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम और कटकमदाग के बन्हा स्थित नरसिंह मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों को भी विकसित करने की उनकी योजना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ये सभी परियोजनाएं जल्द ही जमीन पर उतरेंगी। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने विधायक के प्रयासों की सराहना की।