सहारनपुर की पांच तहसीलों में मॉकड्रिल,आपदा प्रबंधन को लेकर संयुक्त अभ्यास
सहारनपुर । उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद सहारनपुर की सभी 5 तहसीलों, सदर, बेहट, देवबन्द, नकुड़ व रामपुर मनिहारान में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, राजस्व अन्य विभागों की सहभागिता से मॉकड्रिल अभ्यास आयोजित किया गया। इस अभ्यास में विभिन्न आपदा परिदृश्यों (सिनेरियो) के अनुसार राहत व बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आपदा के समय तत्परता और विभागीय तालमेल ही जन-जीवन की सुरक्षा का आधार है। मॉकड्रिल से विभागों की कार्यकुशलता एवं समन्वय की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सका।
तहसील सदर (स्थान- स्टार पेपर मिल, सहारनपुर) औद्योगिक इकाई में गैस रिसाव/आग लगने की स्थिति पर मॉकड्रिल, जिसमें मुख्य अग्निशमन अधिकारी व एमडीआरवी रेस्क्यू व्हीकल सहित फायर यूनिट ने भाग लिया।
तहसील बेहट (स्थान- जनता इंटर कॉलेज) भूकम्प की स्थिति में छात्रों को सुरक्षित निकालने एवं राहत कार्य का प्रदर्शन, जिसमें फायर यूनिट थाना मिर्जापुर सक्रिय रही।
तहसील देवबन्द (स्थान- एचएवी डिग्री कॉलेज) भूकम्प की स्थिति से निपटने का मॉक अभ्यास, जिसमें फायर स्टेशन देवबन्द यूनिट ने जिम्मेदारी निभाई।
तहसील नकुड़ (स्थान- सतगुरु इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी) ऊंची इमारत में आग लगने की काल्पनिक स्थिति का अभ्यास, फायर स्टेशन सरसावा की टीम की सहभागिता रही।
तहसील रामपुर मनिहारान स्थान- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अस्पताल में भूकम्प आने की स्थिति में मरीजों व स्टाफ की सुरक्षित निकासी व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था का प्रदर्शन किया गया।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़