दुद्धी सोनभद्र। नारी सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत शुक्रवार को दुद्धी स्थित महिला थाना एक विशेष पहल का साक्षी बना। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) दुद्धी की कक्षा 12 की मेधावी छात्रा सुप्रिया वर्मा को एक दिन के लिए महिला थाना दुद्धी का प्रभारी बनाया गया। इस दौरान वर्तमान महिला थाना प्रभारी सन्तु सरोज ने बालिका सुप्रिया को कैप पहनाकर स्वागत किया और कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की।
थाना प्रभारी की जिम्मेदारी निभाते हुए सुप्रिया वर्मा ने पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की और महिला सुरक्षा, साइबर अपराध तथा घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर विवेचनाओं की प्रक्रिया को करीब से जाना। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, महिला सहायता हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के कामकाज का अवलोकन किया।
एक दिन की प्रभारी के रूप में कार्य करते हुए सुप्रिया ने थाने पर सहायता मांगने आई महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर कानून की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
छात्रा के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की उपस्थित अधिकारियों ने सराहना की। क्षेत्राधिकारी (सीओ) दुद्धी राजेश कुमार राय ने कहा कि ‘मिशन शक्ति फेज-5’ का शुभारंभ शारदीय नवरात्रि के अवसर पर किया गया है। इसका उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं में नेतृत्व का गुण विकसित करना, उन्हें प्रशासनिक तंत्र से जोड़ना और उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, थाना प्रभारी दुद्धी स्वतंत्र सिंह, कस्बा इंचार्ज जयशंकर राय, श्याम जी यादव, जीजीआईसी दुद्धी की प्रभारी प्रधानाचार्य रितिका श्रीवास्तव, शिक्षिकाएं आरती कुमारी और सायरा खान, महिला कांस्टेबल शालू सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह