नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
विभावि अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव 15-17 दिसंबर को
कला-संस्कृति पाठ्यक्रम का अभिन्न अंग: कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा
हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव का आयोजन 15 से 17 दिसंबर तक विश्वविद्यालय के मुख्यालय परिसर में किया जाएगा। “झूमर 2025” के नाम से होने वाले इस युवा महोत्सव के आयोजन को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा ने कहा की कला एवं संस्कृति विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए उतना ही आवश्यक है जितना की पठन-पाठन। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक शिक्षा का एक अभिन्न अंग है। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य है की अपने विद्यार्थियों के कला एवं संस्कृति से संबंधित प्रतिभा को निखारे और बेहतर से बेहतर मंच उपलब्ध करवाएं। वर्तमान समय में कला एवं संस्कृति में करियर के अच्छे अवसर बन रहे हैं। विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि अपने विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों का लाभ मिले। कला एवं संस्कृति इनके लिए रोजगार का साधन बन सके।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वर्षभर कला-संस्कृति संबंधित गतिविधियों का संचालन करने की योजना बनाएं। यह भी देखें की कला एवं संस्कृति से किस प्रकार राजस्व का संचार हो सके।
बैठक को संबोधित करते हुए छात्रकल्याण संकायअध्यक्ष डॉ विकास कुमार ने आयोजन के सफल संचालन से संबंधित बिंदुओं पर प्रकाश डाला। कुलसचिव तथा पूर्व छात्रकल्याण संकायअध्यक्ष डॉ सादिक रज्जाक ने इस विषय पर अपने अनुभव साझा किया। कुलपति की अनुमति से बैठक का संचालन स्नातकोत्तर कला एवं संस्कृति परिषद के सचिव डॉ सुकल्याण मोइत्रा ने किया।
युवा महोत्सव के सफल संचालन के लिए आयोजन समिति के अंतर्गत कुल 25 समितियों का गठन किया गया। आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा तथा संरक्षक, वित्त सलाहकार श्री अखिलेश शर्मा होंगे। छात्रकल्याण संकायअध्यक्ष डॉ विकास कुमार संयोजक, डॉ जॉनी रुफिना तिर्की आयोजन सचिव, श्रीमती अर्चना रीना धान एवं डॉ अमिता कुमारी को संयुक्त आयोजन सचिव बनाया गया।
इसमें अलग-अलग जिले के महाविद्यालय से आने वाले प्रतिभागियों के पंजीकरण के लिए पांच अलग-अलग पंजीकरण उप समिति का गठन किया गया। इसी प्रकार पुरुष प्रतिभागियों और महिला प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए अलग-अलग समिति का गठन किया गया।
तय हुआ कि बिनोदिनी पार्क में मुख्य पंडाल का गठन किया जाएगा जहां संगीत एवं नृत्य तथा क्विज के अंतिम चक्र का आयोजन किया जाएगा। यहां के लिए गठित कमेटी का अध्यक्ष डॉ किशोर कुमार गुप्ता तथा संयोजक डॉ कुमारी भारती सिंह को बनाया गया। इसी प्रकार तय हुआ कि सारे नाट्य विधाओं का आयोजन स्वामी विवेकानंद सभागार में किया जाएगा। यहां के विधाओं के संचालन के लिए बनाए गए समिति का अध्यक्ष डॉ केदार सिंह एवं संयोजक डॉ सुबोध कुमार सिंह को बनाया गया। मल्टीपरपज परीक्षा भवन में फाइन आर्ट्स के विधाओं का आयोजन करने पर सहमति बनी। इसके संचालन के लिए बनाए गए कमेटी के अध्यक्ष डॉ कनुप्रिया गुप्ता तथा संयोजक डॉ मिता रानी सिंह को बनाया। साहित्यिक विधाओं के आयोजन के लिए आर्यभट्ट सभागार का चयन किया गया। यहां के विधाओं के संचालन के लिए बनाए गए समिति का अध्यक्ष डॉ हुमायूं अशरफ तथा संयोजक डॉ नीरज डांग को बनाया गया।
युवा महोत्सव से संबंधित समाचार के प्रकाशन के लिए मीडिया कमेटी का गठन किया गया। मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ अविनाश कुमार को इस समिति का अध्यक्ष तथा शिक्षाशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ मृत्युंजय प्रसाद को संयोजक बनाया गया। सदस्य के रूप में डॉ अजय बहादुर सिंह तथा मोहम्मद फजल शामिल किए गए।
विभिन्न महाविद्यालय के प्राचार्यगण को लेकर बैठक में लगभग 100 लोगों ने भाग लिया। स्नातकोत्तर कला एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष डॉ एस जेड हक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।