नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध अपनी मुहिम को और धारदार बनाते हुए शुक्रवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल की। चौपारण थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती चोरदाह पंचायत स्थित कबिलाश के घने जंगलों में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सुनियोजित अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती पर वज्रपात किया। बरही एसडीपीओ अजित कुमार विमल के नेतृत्व में चले इस सघन अभियान के दौरान दुर्गम इलाकों में करीब दस एकड़ भूमि पर लहलहा रही पोस्ते की अवैध फसल को चिन्हित कर मौके पर ही समूल नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षाबलों ने न केवल फसल को रौंद डाला बल्कि सिंचाई के लिए प्रयुक्त किए जा रहे छह डिलीवरी पाइपों को भी वहीं विनष्ट कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने इस कार्रवाई में आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से उन दुर्गम ठिकानों को चिन्हित किया जहाँ तस्करों ने यह अवैध साम्राज्य खड़ा कर रखा था। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस काली कमाई में लिप्त भू-माफियाओं और तस्करों की शिनाख्त की जा रही है तथा जल्द ही उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।