अरमान खान जिला ब्यूरो रायसेन
संचालनालय तकनीकी शिक्षा मध्यप्रदेश द्वारा जारी ऑनलाइन काउंसलिंग समय-सारणी (वर्ष 2026-27) के अनुसार शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रायसेन में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। प्रथम चरण के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 04 मई 2026 से 29 मई 2026 संचालित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी इस अवधि में पंजीयन कर अपनी पसंदीदा संस्थाओं एवं पाठ्यक्रमों का चयन (Choice Filling) कर सकते हैं। पंजीयन में सुधार (Edit Registration) की सुविधा 30 मई 2026 से 31 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके पश्चात मेरिट सूची जारी होने एवं सीट आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित तिथियों के अनुसार पूर्ण की जाएगी।
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रायसेन में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश दिया जा रहा है। द्वितीय चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया 09 जून 2026 से 18 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें पुनः पंजीयन, संशोधन एवं चॉइस फिलिंग का अवसर दिया जाएगा। संस्थागत स्तर की काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से रिक्त सीटों पर प्रवेश 04 जुलाई 2026 से 12 अगस्त 2026 तक प्रवेश दिया जाएगा। संस्थान में लैब, अनुभवी शिक्षक एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षा प्रदान की जाती है। क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर है कि वे समय-सीमा के भीतर आवेदन कर अपने भविष्य को नई दिशा दें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट dte.mponline.gov.in पर जाकर विवरण प्राप्त कर सकते हैं अथवा सीधे महाविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं।