ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

बस स्टैंड और जालपा देवी वार्ड में निगम का बुलडोजर, 8 अवैध ठेले जब्त

```

राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़ 

कटनी। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने मंगलवार सुबह बस स्टैंड परिसर और जालपा देवी वार्ड में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित 8 ठेला-टपरी जब्त किए गए, वहीं नाले पर किए गए अनधिकृत निर्माण को भी हटाया गया।

नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय, प्रवेश मार्ग और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में की गई। टीम ने यहां अवैध रूप से लगाए गए ठेले-टपरी और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाते हुए संबंधित संचालकों पर जब्ती की कार्रवाई की और भविष्य में अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी।

इसके साथ ही जालपा देवी वार्ड के आदर्श कॉलोनी स्थित तंबाखू गली में नाले के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को भी तोड़ा गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आवागमन सुचारू करने का प्रयास किया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यात्रियों—खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बाहरी लोगों—को काफी असुविधा हो रही थी। वहीं तंबाखू गली में नाले पर निर्माण होने से स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *