किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डी.एस. राजपूत के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है।
सांसद विजय बघेल का आरोप है कि संबंधित अधिकारी उनके फोन का जवाब नहीं देते और जनहित से जुड़े मामलों में अपेक्षित सहयोग व जानकारी देने से भी बचते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निगम क्षेत्रों में बिना टेंडर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनका भुगतान बाद में किया जाता है, जबकि कई कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच भी नहीं कराई जाती।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के माध्यम से संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। शिकायत पर लोकसभा सचिवालय ने राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया पर फोन पर कथित आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगाते हुए लोकसभा अध्यक्ष से विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। उस मामले में भी लोकसभा सचिवालय ने जानकारी तलब की है।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस विवाद को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की कमान दिल्ली और नागपुर के हाथ में है। उनका कहना है कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार संसदीय मर्यादा के विपरीत है और उन मतदाताओं का भी अपमान है जिन्होंने उन्हें चुनकर संसद भेजा है।
फिलहाल, लोकसभा सचिवालय द्वारा जवाब तलब किए जाने के बाद अब सभी की निगाहें राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया तथा आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।