जेल की घुटन भरी जिंदगी से मिलेगी कई बंदियों को मुक्ति….‘हथियार छोड़ चुके हाथ अब रोजगार के लिए उठाएंगे औजार’
नर्मदापुरम से राजेंद्र धाकड़ की रिपोर्ट
नर्मदापुरम की जेल में बंद कई कैदी आने वाले चंद महीनों में रिहा होकर नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे। ऐसे कैदियों को जेल से बाहर निकलने के बाद अपनी रोजी कमाने के लिए परेशान ना होना पड़े, इसके लिए उन्हें रोजगार प्रदान करने वाले विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कामों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस हुनर के बल पर वे अपराध की दुनिया से दूर रहकर अपना और परिवार का भरण पोषण आसानी से कर सकेंगे और समाज में सम्मान से सिर उठाकर जी सकेंगे।जिला प्रशासन इसके लिए पहल करने जा रहा है। 30 जून तक ऐसे करीब 100 बंदियों को इसके लिए ट्रेनिंग देने का काम शुरू होने जा रहा है। कुल 450 बंदियों को ये प्रशिक्षण दिया जायेगा। खुद कलेक्टर सोनिया मीना का इस प्रोजेक्ट पर फोकस है। उन्होंने जिला जेल द्वारा बुलाई गई बैठक में इस प्रोजेक्ट को नजदीक से समझा और कार्ययोजना पर जरूरी निर्देश भी दिए।