तीन दिन पहले करीब 10 लाख से बनी सड़क हाथ लगाते ही उखड़ी, नपाध्यक्ष के निरीक्षण में भी मिली थी खामी
मऊ। शहर में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां एक वार्ड में तीन दिन पहले करीब 10 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण हुआ था। हाथ लगाते ही अब सड़क उखड़ जा रही है। हैरान करने वाली बात तो ये है कि बीते 18 मई को भी नपाअध्यक्ष के निरीक्षण में यहां खामी मिली थी। उनके निर्देश के बाद भी ठेकेदार ने गुणवत्ताविहिन सड़क बना दी।
मऊ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नं० 12 निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में तीन दिन पहले मरम्मत हुई लाखों की लागत से बनी सड़क वार्डवासियों के हाथ लगाते ही उखड़ने लगी। मरम्मत कार्य किस स्तर का है, इस बात से सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि मरम्मत कर बनी सड़क के पटरियों को वार्डवासी अपने हाथ से बड़ी आसानी से उखाड़ दे रहे हैं। जबकि पांच दिन पहले नपाध्यक्ष द्वारा खुद निरीक्षण में खामी मिलने पर गुणवत्तापूर्वक काम का निर्देश दिया गया था, बावजूद कार्य पूरा करने में कोई गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है।
यह है पूरा मामला –
बता दें कि नगर के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में व्हाइट पैलेस से लेकर ब्रम्हबाबा की चौरा तक करीब 500 मीटर तक सड़क मरम्मत के अभाव में क्षतिग्रस्त होने के साथ कई जगहों पर गहरे गड्ढे बन गए थे। जिसको लेकर नौ लाख 90 हजार से ज्यादा राशि गड्ढामुक्त अभियान के तहत सड़क के मरम्मत के लिए जारी किया गया था।
तीन दिन पहले सड़क मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही कई जगहों पर सड़क खुद से उखड़ने लगी। शिकायत पर इंडियन टीवी न्यूज की टीम ने जब जांच की तो सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता में खामियां मिली। इस दौरान मोहल्ला निवासी दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क बेहद खराब बनी है, इस दौरान उदाहरण के लिए सड़क किनारे से अपने हाथ से सड़क को उखाड़ कर दीपक ने दिखाया।
वहीं टीम ने इस दौरान सड़क के बीचोंबीच से खुद खुरचकर देखा, जहां सड़क की गिट्टिया बड़ी आसानी से उखड़ने लगीं। इस संबंध में वार्ड सभासद राजीव कुमार सैनी ने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य बेहद खराब है, इसकी शिकायत भी उनके द्वारा नपाध्यक्ष और जिम्मेदार अधिकारियों से की गई थी। चौंकाने वाली बात है कि बीते 18 मई को नपाध्यक्ष अरशद जमाल ने सड़क मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया था, जहां उनमें खामी मिलने पर इसे बेहतर करने का निर्देश दिया। ऐसे में मानक को ताक पर रखकर किया गया कार्य कहीं न कहीं मिलीभगत को जाहिर कर रहा है।
अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है, इसकी जांच कराई जाएगी। मानक को ताक पर रखकर किए काम की जांच में खामी मिलने पर संबंधित पर ठोस कदम उठाया जाएगा।
ज़ियाउल हसन अंसारी, मण्डल ब्यूरो
वाराणसी आजमगढ़ मण्डल