दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के डुमरडिहा गांव स्थित शिव मंदिर के मोड़ के पास शुक्रवार की देर शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान आर्यन जायसवाल (25) पुत्र दुबेश प्रसाद एडवोकेट निवासी कस्बा दुद्धी वार्ड 6 तथा दिलीप शर्मा (20) पुत्र महेंद्र शर्मा निवासी वार्ड 6, पोस्ट ऑफिस के पास, दुद्धी के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक डुमरडिहा से दुद्धी की ओर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने दोनों को गंभीर स्थिति में देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।