दुद्धी सोनभद्र।विन्ढमगंज थाना क्षेत्र के समीप उत्तर प्रदेश-झारखंड बॉर्डर पर स्थित दिगंबर अखाड़ा अयोध्या से सम्बद्ध श्री राम जानकी मंदिर एवं बाबा डीहवार धाम का प्रांगण सोमवार को नवरात्रि के प्रथम दिन भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। प्रख्यात संत बाबा वेद मोहन दास ब्रह्मचारी की अगुआई में सैकड़ों श्रद्धालुजन *जय माता दी* के गगनभेदी उद्घोषों व ध्वनि विस्तारक यंत्रों की मधुर भक्ति-धुनों के बीच भव्य कलश यात्रा लेकर निकले।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य सड़क मार्ग होते हुए हलवाई चौक, सुभाष तिराहा, मुड़ीसेमर तिराहा से आगे बढ़ी। वहां से श्रद्धालुजनों का जत्था शिव मंदिर से लगे पावन सत्तवाहिनी नदी के तट पर पहुँचा, जहां वैदिक आचार्य पंडित नंदलाल तिवारी ने मंत्रोच्चार के बीच जलाहरण विधि संपन्न कराई। इसके उपरांत यात्रा पुनः रवाना हुई और बंधु नगर, नाई बस्ती, कुशवाहा बस्ती, सीता मोड़, मां काली मंदिर मार्ग, बैंक रोड, सब्जी मंडी तथा साहू चौक का भ्रमण करती हुई पुनः श्री राम जानकी मंदिर पहुंची।
मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पवित्र जल से कलश की स्थापना की गई। इसी के साथ नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ, जिनमें प्रतिदिन विशेष पूजन एवं आराधना का आयोजन किया जाएगा।
इस पुण्य अवसर पर यजमान कृष्णा विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान तारा देवी, कमेटी अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे और कलश यात्रा के दिव्य क्षणों के साक्षी बने।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह